Mining : अवैध रेत कारोबार को लेकर कार्रवाई के बाद विवाद, दो गिरफ्तार

राजस्व निरीक्षक ने शिकायत दर्ज कराई, दूसरे पक्ष ने भी लगाए आरोप

Mining : छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के बाद राजस्व निरीक्षक और तथाकथित

रेत कारोबारी दो भाईयों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामला थाने पहुंचा और राजस्व निरीक्षक राहुल कुबेरिया

ने अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज करवाई। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों हिमांशु टांडेकर और

हरीश टांडेकर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को सोमवार देर शाम न्यायालय में पेश किया गया,

जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में दूसरे पक्ष ने भी राजस्व निरीक्षक पर थाने के भीतर

मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।

यह है विवाद…

बताया जाता है कि रविवार सुबह लगभग 10 बजे जुन्नारदेव ओवरब्रिज के नीचे पानी की टंकी के पास

अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर राजस्व विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान विवाद की

स्थिति बन गई। राहुल कुबेरिया ने पुलिस को बताया कि कार्रवाई के कुछ समय बाद जब वे अपने घर से बाजार

की ओर जा रहे थे, तब आरोपियों ने रास्ता रोककर उनके साथ कथित रूप से थप्पड़ मारते हुए अभद्रता की।

आरोप है कि जब वे इसकी शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहे थे, तब दोबारा उनका रास्ता रोककर

मारपीट का प्रयास किया गया। दूसरे पक्ष का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए वे पहले थाने पहुंचे थे।

राजस्व निरीक्षक राहुल कुबेरिया भी वहां पहुंचे और थाने के भीतर उनके साथ मारपीट की। बाद में

पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य

साक्ष्यों का परीक्षण किया। जांच के आधार पर बीएनएस 2023 की धारा 170 के तहत हिमांशु टांडेकर और हरीश टांडेकर

दोनों निवासी वार्ड क्रमांक-2, जुन्नारदेव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर

सोमवार देर शाम न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

Read More…Mining : अर्जुन और नीलेश कर रहे अवैध उत्खनन, किसानों के खेत हो रहे बर्बाद

Read More…Celebration : विनोद यदुवंशी के जन्मदिन की रही धूम, कई स्थानों पर काटे केक

Spread The News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *