MP Tourism : तामिया के होम स्टे नजर आएंगे रूपहले फिल्मी पर्दे पर

शुरू हुई शूटिंग, आने वाले 50 दिनों तक विभिन्न गांवों में चलेगी

MP Tourism : छिंदवाड़ा। तामिया के होम स्टे जल्द ही फिल्मों के बड़े रूपहले पर्दे पर नजर आएंगे।

तामिया पातालकोट में फिल्म की शूटिंग चल रही है जिसमें होम स्टे में भी कुछ सीन फिल्माए जाएंगे।

दरअसल, यहां तेलुगू फिल्म ‘भैरवी’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है। इसके साथ ही दो अन्य फिल्मों ‘टारगेट’

व ‘आडू बुलेट रा’ की शूटिंग भी शुरू होने वाली है। फिल्मों की शूटिंग के जरिए स्थानीय लोगों को

रोजगार भी उपलब्ध करवाया जा रहा है।

खूबसूरत लोकेशन खींच रहीं…

सतपुड़ा की खूबसूरत घाटियां, ठंड में कभी धूप-कभी कोहरा, चारों तरफ हरियाली, पहाड़, गांवों की गलियां और

कही-कहीं बहते झरने, फिल्मों की शूटिंग के लिए मनचाही लोकेशन्स साऊथ फिल्म इंडस्ट्री को तामिया की ओर खींच रही हैं।

टूरिज्म बोर्ड और प्रशासन ने तैयार किया माहौल

कलेक्टर हरेंद्र नारायन व जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के

संवेदनशील रूख से तामिया में फिल्मों की शूटिंग के लिए बेहतरीन माहौल तैयार किया गया है और

तेलुगू फिल्मों की शूटिंग का सिलसिला आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन के

सहयोग से तामिया में फिल्मों की शूटिंग के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं, अनुमति समय सीमा में

पूरी की जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर फिल्म मेकिंग से जुड़े स्टाफ को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाया जा रहा है,

इससे साऊथ फिल्म इंडस्ट्री का झुकाव यहां पर शूटिंग के लिए लगातार बढ़ रहा है।

नतीजा यह है कि आने वाले करीब 50 दिनों तक तामिया और इसके आस-पास के अंचल में लगातार

तीन फिल्मों और वीडियो एलबम की शूटिंग की जाना है।

इन्होने फाइनल की लोकेशन

साऊथ फिल्म इंइस्ट्री से छिंदवाड़ा आईं साउथ की जानी मानी प्रोडूयूसर विजयलक्ष्मी गुड़लुरी एवं

डायरेक्टर श्री अशोक (भैरवी), बी माधव रेड्डी एवं डायरेक्टर कट्टा श्रीनिवासा (आडू बुलेट रा) और प्रोड्यूसर

शेख नईम अहमद तथा डायरेक्टर तनिषा रूपा ने शूटिंग के लिए लोकेशन्स को फाइनल किया है।

यहां फिल्माए जाएंगे दृश्य

तामिया में फिल्म की शूटिंग की व्यवस्था से जुड़े कोलंबस मल्टीमीडिया के लाइन प्रोड्यूसर उमरगुल खान ने

जानकारी दी कि भैरवी, टारगेट और आडू बुलेट रा की शूटिंग के दौरान तामिया, पीडब्लूडी गेस्ट हाउस, पाटन गांव,

तामिया व्यू प्वाइंट, तुलतुला मंदिर, तामिया बाजार की ज्यादा से ज्यादा लोकेशन दिखाई जाएंगी।

श्री खान बताते हैं कि तामिया के लोगों का खुशमिजाज व्यवहार, सादगी भरे अंदाज, सुरक्षित माहौल और

अच्छी लोकेशन के कारण हमारा प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग यहां हो।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे पर्यटन ग्राम काजरा, सावरवानी में भी

फिल्मों की शूटिंग होगी और होम स्टे को स्क्रीन पर दिखाया जाएगा।

ऐसे मिल रहा रोजगार

साऊथ की फिल्मों की शूटिंग से तामिया में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया जा रहा है।

तकनीकी स्टाफ में स्थानीय युवाओं का सहयोग लिया जा रहा है। होटल और कैटरिंग का काम लिया जा रहा है।

स्थानीय कलाकारों, केटरर, पेंटर, ट्रेवल्स एवं अन्य लोगों को रोजगार से जोडऩे की पहल भी की जा रही है।

तामिया से आकाश मंडराह एवं अमन सरवैया अपनी टीम के साथ इन फिल्मों के लिए असिस्टेंट लाइन प्रोड्यूसर का काम करेंगे।

Read More…Launch : राणा के नवीन प्रतिष्ठान पहुंचे प्रभारी मंत्री

Read More…Minister Visit : निवेश और रोजगार में मध्यप्रदेश देश में आगे : प्रभारी मंत्री

One thought on “MP Tourism : तामिया के होम स्टे नजर आएंगे रूपहले फिल्मी पर्दे पर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *