श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रहेगी धूम, जिला गौली समाज करेगा भव्य आयोजन
Janmashtmi : छिंदवाड़ा। कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस वर्ष जिले वासियों के लिए बेहद यादगार बनने जा रहा है।
जिला गौली समाज इस पावन अवसर को और भी यादगार एवं भव्य बनाने के लिए लगातार तैयारी में
जुटा हुआ है। गौली समाज अपने आराध्य श्री कृष्ण जी का जन्मोत्सव मनाने के चलते जिला स्तर पर
वृहद कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रहा है। गौली समाज के जिले में दो प्रमुख मंदिर हैं जिनमें
पुराना आरटीओ ऑफिस के पास, परासिया रोड स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर और जुन्नारदेव स्थित
पहली पायरी मंदिर। इन दोनों ही स्थानों पर विशेष पूजन के साथ कार्यक्रमों की धूम रहेगी।
यह होगी कार्यक्रम की रूपरेखा
छिंदवाड़ा में जिला गौली समाज द्वारा श्री कृष्ण जन्मोत्सव के तहत दिनांक 4 सितंबर 2026 दिन शुक्रवार को परासिया रोड,
पुराना आरटीओ ऑफिस के पीछे स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में प्रात: 9:00 बजे से 10:00 तक विशेष हवन पूजन आरती
की जाएगी। प्रात: 11:00 बजे पुलिस ग्राउंड छिंदवाड़ा से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभा यात्रा जेल तिराहा,
फव्वारा चौक, जिला अस्पताल के सामने से होते हुए, ईएलसी चौक से कलेक्ट्रेट के सामने स्थित ग्राउंड में पहुंचेगी।
यहां शोभा यात्रा का समापन होगा। कलेक्ट्रेट के सामने स्थित ग्राउंड में ही दोपहर 1:00 से भजन,
संगीत और कृष्ण लीला का मंचन किया जाएगा।
जुन्नारदेव में मंडलों के साथ निकलेगी शोभायात्रा, झांकियां
जुन्नारदेव में आयोजित कार्यक्रमों की श्रंखला में दिनांक 04 सितंबर 2026 को सत्ता स्थापना की जाएगी। अगले दिन
संध्या को सत्ता समापन किया जाएगा। इसी रात्रि 12 बजे जन्मोत्सव आरती की जाएगी। अगले दिन दिनांक 05 सितंबर
को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें भजन मंडल भी शामिल होंगे। इस शोभायात्रा में शामिल झांकियां
आकर्षण का केंद्र रहेंगी। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन असवर पर जिला गौली समाज द्वारा समाज के
प्रतिभावान बच्चों, देश का भविष्य गढऩे वाले शिक्षकों और मातृभूमि की रक्षा में प्राण न्यौछावर करने
तत्पर रहने वाले सैनिकों का सम्मान किया जाएगा।
वृंदावन के ‘माधवास’ की धुन से गुंजायमान होगा छिंदवाड़ा
आयोजन की विशेषता माधवास रॉक बैंड की मनमोहक प्रस्तुति होगी। वृंदावन का यह बैंड समूह छिंदवाड़ा में
पहली बार प्रस्तुति देने आ रहा है। यह बैंड बीते 3 वर्षों में 800 से ज्यादा लाइव प्रस्तुतियां दे चुका है। सिर्फ देश ही नहीं
यूएस, थाईलैंड, सिंगापुर, मलेशिया सहित अन्य देशों में माधवास ने अपनी प्रस्तुतियों से श्री कृष्ण प्रेमियों को
झूमने को मजबूर कर दिया है। यह बैंड वृंदावन में लगातार लाइव प्रस्तुतियां देता रहता है। माधवास रॉक
बैंड के यूट्यूब पर 4 मिलियन सब्सक्राइबर्स और 800 मिलियन व्यूज अब तक पहुंच गए हैं। फेसबुक पेज पर
2 मिलियन और इंस्टाग्राम पेज पर लगभग 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स माधवास से जुड़े हुए हैं। इस बैंड के गायक
नवल किशोर निमाई दास एवं गायिका नंद रानी गोपी दास की मधुर आवाज
श्री कृष्ण प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर देंगी।
प्रस्तुति देने वाले मण्डलों को मिलेंगे पुरस्कार
जिला गोली समाज द्वारा भजन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। विजेता मंडलों को पुरस्कार भी
प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान पाने वाले मंडल को 15001 रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले मंडल को 11001 रुपए,
तृतीय स्थान पर आने वाले मंडल को 10001 रुपए, चतुर्थ स्थान पर आने वाले मंडल को 7101 रुपए
एवं पांचवा स्थान पाने वाले मंडल को 5101 रुपए की राशि बतौर पुरस्कार प्रदान की जाएगी।
समस्त श्रीकृष्ण प्रेमियों के लिए आमंत्रण…
जिला गौली समाज अध्यक्ष विनोद यदुवंशी, जिला महामंत्री संत कुमार यदुवंशी, जिला सचिव दीनदयाल यदुवंशी,
जिला कोषाध्यक्ष हेमंत यदुवंशी, जिला संगठन मंत्री बंटी बाबा, छिंदवाड़ा क्षेत्रीय पट्टी अध्यक्ष चंपा पटेल,
रब्बी पट्टी क्षेत्रीय अध्यक्ष राजू चंद्रवंशी, परासिया क्षेत्रीय पट्टी अध्यक्ष हरिप्रसाद गुड्डा यदुवंशी,
खैरी पट्टी चौरई क्षेत्रीय अध्यक्ष अर्जुन यदुवंशी, सिंगोड़ी क्षेत्रीय पट्टी अध्यक्ष बलराम पटेल आदि
पदाधिकारियों एवं समाज के सदस्यों ने सभी श्री कृष्ण प्रेमियों से इस भव्य और
दिव्य आयोजन में शामिल होने आग्रह किया है।
Read More…Kanafoosee : भोपाल जाओ ‘टॉप अप डालो’ और नौकरी करो !
Read More…Governance : लीजिए ! एक और आदिवासी जनप्रतिनिधि का ‘अपमान’
