जुन्नारदेव में बढ़ेंगी कांग्रेस की मुश्किलें…!

ग्रामीणों के बीच खासी पैठ रखते हैं अखिलेश शुक्ला

महेंद्र सूर्यवंशी, जुन्नारदेव। जुन्नारदेव में कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढऩे वाली हैं। क्षेत्र के जनाधार वाले नेता अखिलेश शुक्ला ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। इसके साथ ही वे सुर्खियों में आ गए।

नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने छिंदवाड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू की मौजूदगी में अखिलेश शुक्ला को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

अखिलेश को क्षेत्र में आम जनता दादा अर्थात् बड़े भाई के नाम से भी जानती है। आपको बता दें कि दादा की पहचान मैदान में काम करने वाले कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय से बनी हुई है। उनके पिता दो बार जुन्नारदेव के नगरपालिका अध्यक्ष और उनकी दादी पार्षद रह चुकी हैं।

लगभग 1970 के दशक से उनका परिवार कांग्रेस से जुड़ा रहा। वे खुद 1980 से राजनीति में सक्रिय हैं।

अब दादा ने भाजपा के साथ नई पारी शुरू की है। क्षेत्र में कांग्रेस की कमजोरियों की पूरी जानकारी उन्हें है जिसका भाजपा को लाभ मिलेगा।

बाहरी प्रत्याशी के विरोधी…

अखिलेश शुक्ला हमेशा से ही विधानसभा में बाहरी प्रत्याशी का विरोध करते रहे। यही कारण है कि उनकी जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके से पटरी नहीं बैठ पाई।

दरअसल सुनील उईके परासिया विधानसभा के रहने वाले थे और कांग्रेस ने उन्हें जुन्नारदेव से टिकट देकर विधानसभा चुनावों में उतारा। इसके चलते भी वे पार्टी से नाराज थे।

ग्रामीण क्षेत्र और युवाओं में पकड़…

अखिलेश शुक्ला की जुन्नारदेव विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में खासी पकड़ बताई जाती है। इसके चलते अब आगामी चुनावों में कांग्रेस को उनके प्रभाव वाले क्षेत्रों में वोटों की किल्लत झेलना पड़ सकती है।

भाजपा में प्रवेश के बाद अखिलेश शुक्ला के प्रथम नगरागमन पर भाजपा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसके साथ ही युवाओं में भी उनका खासा क्रेज है। क्षेत्र में एक बड़ा युवा वर्ग उनके विचारों से सहमत नजर आता है। भाजपा ने किया भव्य स्वागत भाजपा में शामिल होने के बाद प्रथम नगरागमन पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश (दादा) शुक्ला का गर्मजोशी से स्वागत किया।

रामपुर, दमुआ, डूंगरिया जीएम ऑफिस, दातलावादी टेलीफोन एक्सचेंज राम तिहरा, इंडियन गैस एजेंसी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक, गांधी चौक, विजय स्तंभ में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

इसके साथ डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अखिलेश शुक्ला द्वारा माल्यार्पण किया। पूर्व विधायक नत्थन शाह कवरेती भी मौजूद रहे। उन्होने अखिलेश शुक्ला के भाजपा में शामिल होने पर हर्ष व्यक्त किया।

Spread The News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *