एक धड़ा पीसीसी के सपोर्ट में जिसे जिले के पदाधिकारी नहीं कर रहे सपोर्ट
Chhindwara Congress : छिंदवाड़ा। जिले में अपने वजूद को बचाने के लिए जूझ रही कांग्रेस में अब
गिने-चुने कार्यकर्ता ही बचे हैं। ऐसे में एकजुटता दिखाने की बजाए संगठन दो फाड़ होता नजर आ रहा है।
जिला कांग्रेस का एक धड़ा पीसीसी तो दूसरा खुद को कमलनाथ का कट्टर समर्थक साबित करने में लगा हुआ है।
नतीजा…संगठन में अंदरूनी कलह मची हुई है। इस सबके पीछे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष
विश्वनाथ ओक्टे की कार्यप्रणाली बताई जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ओक्टे
ऐसे कार्यकर्ताओं को लगातार नजर अंदाज कर रहे हैं जिन्हें पीसीसी ने जिम्मेदारी सौंपी है।
ADVERTISEMENT

कुछ माह पहले पीसीसी ने बूथ अध्यक्षों को प्रशिक्षण देने के लिए पूरे प्रदेश में प्रशिक्षण प्रभारी नियुक्त किए।
छिंदवाड़ा में भी किए गए। लेकिन छिंदवाड़ा विधानसभा जो कि कमलनाथ की विधानसभा है वहां
पीसीसी से नियुक्त प्रभारी द्वारा एक भी प्रशिक्षण नहीं दिया गया। सूत्र बताते हैं कि जिला
कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने उक्त प्रभारी को प्रशिक्षण नहीं देने दिया। उल्टा ओक्टे ने बाहर से
प्रशिक्षक बुलवाकर छिंदवाड़ा विधानसभा में एक प्रशिक्षण की रस्म अदायगी कर डाली।
बीते दिनों पीसीसी द्वारा नियुक्त प्रशिक्षकों को भोपाल में प्रशिक्षण कार्यक्रम के फीडबैक के लिए बुलाया गया।
इसमें एक प्रपत्र भरकर देना था। सूत्रों के अनुसार छिंदवाड़ा में नियुक्त प्रशिक्षक ने हर कॉलम में ‘निल’ भरकर दे दिया।
साथ ही यह भी उल्लेखित कर दिया कि प्रशिक्षण में जिला कांग्रेस अध्यक्ष का सहयोग बिल्कुल नहीं मिला।
अब पीसीसी ने इसे कितनी गंभीरता से लिया इसकी जानकारी तो बाहर नहीं आई लेकिन
कांग्रेस के अंदरखानों में चल रही चर्चाओं पर गौर किया जाए तो कहा जा रहा है कि ओक्टे को
इस गैर जिम्मेदाराना हरकत के लिए अच्छी खासी फटकार पड़ी है। बहरहाल, ओक्टे की इस
कार्यप्रणाली के चलते अब कुछ कार्यकर्ता खुद को खुलेआम पीसीसी का समर्थक जरूर बताने लगे हैं
साथ ही ओक्टे की ‘विशेषताएं’ बताने से भी नहीं चूक रहे हैं।
ADVERTISEMENT

Read More…Press Confrence : यह ‘सरकारी हत्या’ है : जीतू पटवारी
Read More…Misdeed : छिंदवाड़ा की नाबालिग से भोपाल में दुष्कर्म, 2 युवतियों सहित चार हिरासत में !
