शिकायत के बाद भी नहीं हुई एफआईआर…अब जनसुनवाई में कलेक्टर से लगाई गुहार
Fraud : छिंदवाड़ा। जिले में फर्जीवाड़ा किस स्तर पर हावी है उसका उदाहरण यह मामला है।
अन्नदूत परिवहन योजना में लगा एक वाहन पुलिस अभिरक्षा में खड़ा है, इस दौरान उक्त वाहन का
बिल भी लग गया और उसका भुगतान भी हो गया। अर्थात् कागजों में बता दिया गयार कि वाहन तो
परिवहन कार्य कर रहा है। मामला खुला, शिकायत हुई, एफआईआर के आदेश भी हुए लेकिन एफआईआर हुई नहीं।
अब एक बार फिर शिकायत जनसुनवाई में कलेक्टर के पास पहुंची है।
यह है पूरा मामला
जिला मुख्यालय के कुंडीपुरा थाने में मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने एवं
10 से 12 मार्च तक पुलिस अभिरक्षा में रहने के बावजूद भी जुन्नारदेव में मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत
योजना के सेक्टर 15 के संचालक श्याम पाल ने कंप्यूटर ऑपरेटर प्रकाश, कार्यालय प्रदाय केन्द्र
वेयर हाउस घुट्टी के साथ मिलकर उक्त वाहन से शासकीय खाद्यान्न परिवहन करने के दस्तावेज
जाली तरीके से तैयार किये जो खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पोर्टल पर भी
ऑनलाइन प्रदर्शित हो रहे हैं। इसी फर्जीवाड़े की शिकायत जुन्नारदेव निवासी श्रीमती निर्मला पाल ने खाद्य,
पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से की थी जिसके बाद मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज
कॉरपोरेशन लिमिटेड छिंदवाड़ा के जिला प्रबंधक ने केंद्र प्रभारी जुन्नारदेव को पत्र लिखकर
श्याम पाल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने एवं वस्तुस्थिति से जिला कार्यालय को तत्काल अवगत
करवाने के निर्देश दिए थे लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तब
मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में निर्मला पाल ने आरोपियों पर उचित कार्रवाई की गुहार
कलेक्टर के समक्ष लगाई।
खाद्य अधिकारी सुनने को तैयार नहीं, फिर भी जांच उन्ही को
इस मामले में शिकायतकर्ता का कहना है कि खाद्य अधिकारी गंगा कुमरे से इस संबंध में पहले भी
शिकायत की जा चुकी है लेकिन उनका व्यवहार असंवेदनशील रहा।
उन्होने कार्रवाई के बजाय शिकायतकर्ता को ही कई बातें सुना दीं।
Advertisement

इसके चलते शिकायतकर्ता जनसुनवाई में पहुंचे लेकिन प्रशासन ने फिर से उन्हे ही जांच सौंप दी।
इससे कार्रवाई को लेकर एक बार फिर संशय की स्थिति बनी हुई है।
Read More…MP Congress : कमलनाथ का राज्यसभा जाना लगभग तय !
Read More…BJP MP News : कांग्रेस ‘मुक्त’ भारत या कांग्रेस ‘युक्त’ भाजपा !
