चार गांव प्रहलाद विवाद की गहमागहमी दूसरे दिन भी जारी
Protest : छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना अंतर्गत धरमटेकरी चौकी क्षेत्र के ग्राम चारगांव प्रहलाद में जमीनी
विवाद को लेकर हुए मारपीट के मामले की गहमागहमी शुक्रवार को भी जारी रही।
घटना के विरोध में आदिवासी समुदाय के कुछ लोग धरमटेकरी चौकी पहुंचे और आशीष ठाकरे
एवं दीपक साहू नाम के आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की।
गुरूवार का घटनाक्रम
इससे ठीक एक दिन पहले गुरूवार को भारत आदिवासी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष कृष्णा सल्लाम ने
अस्पताल से एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस वीडियो में सल्लाम ने सांसद
बंटी साहू पर आरोप लगाए। वीडियो में कृष्णा दो-तीन घायलों को दिखाते हुए कह रहा है कि स्ट्रेचर पर
लेटे उक्त व्यक्तियों को सांसद बंटी साहू के लोगों ने पीटा। उसने वीडियो में आरोप लगाए कि जिन
लोगों ने मारपीट की वे सांसद का नाम लेकर उनकी प्रॉपर्टी पर कब्जा करने पहुंचे थे।
सांसद पहुंचे कोतवाली
कृष्णा द्वारा बनाए गए वीडियो का विरोध करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू गुरुवार शाम
थाना कोतवाली पहुंचे और उन्होंने इसकी शिकायत की। सांसद ने बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार
सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गलत खबरें चलाई जा रही हैं। उन पर बेवजह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
इनकी वजह से वह और उनका परिवार परेशान है। सांसद की शिकायत पर कृष्णा सल्लाम के विरुद्ध
कोतवाली पुलिस ने मामला कायम कर लिया है।
आशीष ठाकरे ने जारी किया वीडियो
विवाद के बीच आशीष ठाकरे ने भी अस्पताल से एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने खुद को
सेना से रिटायर्ड सैनिक बताते हुए कहा कि जिस जमीन को लेकर विवाद हुआ वह उन्होने खरीदी है।
सीमांकन के बाद जब वे जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे थे तब दूसरे पक्ष ने उनके साथ मारपीट की।
कांग्रेस ने राजनीतिक रंग देना शुरू किया
सांसद बंटी विवेक साहू पर लगे आरोपों को लेकर कांग्रेस ने इस मामले को राजनीतिक तूल
देना शुरू कर दिया है। पार्टी और कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया हैंडल से कृष्णा सल्लाम का वीडियो
जमकर वायरल किया जा रहा है।
Read More…Complaint : सरकारी नाले पर अवैध कब्जा, कर दिया निर्माण !
Read More…Mistake : जीतेश नहीं अब राहुल अग्रवाल के नाम पर भेजा जाएगा नोटिस !
