अचानक जनपद अध्यक्ष को हटाकर सीईओ करने लगे सीएम के संदेश का वाचन
Insolence : छिंदवाड़ा। स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रोटोकॉल अनुसार मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन
कर रहे आदिवासी जनप्रतिनिधि के अपमान का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को स्थानीय प्रशासनिक स्तर पर
दबाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मामला अमरवाड़ा का है। विधानसभा मुख्यालय पर स्टेडियम ग्राउंड में
स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष
अमरवाड़ा गणेश कंगाली थे। ध्वजारोहण पश्चात वे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन कर रहे थे। उन्हें शब्दों के
उच्चारण में परेशानी हो रही थी जिस कारण वे संदेश का वाचन रुक-रुक कर कर रहे थे।

इस चित्र में अमरवाड़ा जनपद अध्यक्ष को हटाकर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते सीईओ जयदेव शर्मा। पास ही खड़े हैं गणेश कंगाली। (पहले चित्र में) कुछ मिनट खड़े रहने के बाद जनपद अध्यक्ष गणेश कंगाली अपनी कुर्सी की ओर जाते हुए।
उन्हें संदेश वाचन करते हुए कुछ ही मिनट बीते होंगे कि अचानक जनपद सीईओ जयदेव शर्मा आए
और उन्होने जनपद अध्यक्ष से संदेश लिखे हुए कागज लेकर उन्हें हटाकर स्वयं वाचन शुरू कर दिया।
माइक पर आ रही आवाज बदलते ही सभी का ध्यान गया लेकिन मंच पर बैठे कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों
में से किसी ने भी सीईओ टोकना उचित नहीं समझा।
उत्तम ठाकुर ने जताई आपत्ति
सीईओ जयदेव शर्मा के संदेश वाचन पर मंच पर मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता उत्तम ठाकुर ने पास ही बैठे
अमरवाड़ा एसडीएम हेमकरण धुर्वे के सामने आपत्ति जताई और प्रोटोकॉल याद दिलाया। इसके बाद भी
एसडीएम ने सीईओ को तत्काल नहीं रोका बल्कि कुछ देर सिर झुकाकर सोचते रहे। इस पर
उत्तम ठाकुर ने विधायक कमलेश शाह को भी तुरंत मामले से अवगत करवाया, तब कहीं सीईओ
ने संदेश वाचन बंद किया।
आदिवासी जनों में रोष
इस मामले को लेकर आदिवासी नेताओं में रोष देखा जा रहा है। वे इसे आदिवासी जनप्रतिनिधि का खुलेआम
अपमान बता रहे हैं और सीईओ के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों को भी होश नहीं
इस समारोह में मंच पर अमरवाड़ा विधायक कमलेश शाह और कई प्रशासनिक अधिकारी जिनमें खुद
एसडीएम हेमकरण धुर्वे, एसडीओपी सुश्री बरकड़े आदि मौजूद थे लेकिन किसी ने सीईओ को रोकने-टोकने की जहमत
नहीं उठाई। इससे सवाल उठाए जाने लगे हैं कि जिन पर प्रोटोकॉल के पालन की जवाबदेही होती है वे भी
आदिवासी जनप्रतिनिधि और समारोह के मुख्य अतिथि के अपमान पर मौन रहे।
गलती स्वीकारने की जगह जेब में हाथ डालकर घूमते रहे सीईओ
सूत्र बताते हैं कि इस मामले के बाद जब हल्ला मचा और मौके पर मौजूद कुछ अधिकारियों एवं नेताओं के बीच
बातचीत चल रही थी तब अपनी गलती स्वीकारने या उस पर सफाई देने की जगह जनपद सीईओ जयदेव शर्मा
कार्यक्रम स्थल से अलग जेब में हाथ डालकर टहलते नजर आ रहे थे।
इनका कहना है
सीईओ को संदेश वाचन से तुरंत रोका गया। उनसे कहा गया कि यह गलत है।
– हेमकरण धुर्वे, एसडीएम अमरवाड़ा
जैसे ही सीईओ ने जनपद अध्यक्ष जी को हटाकर स्वयं संदेश वाचन शुरू किया मैंने तुरंत एसडीएम और विधायक
के समक्ष आपत्ति जताते हुए वाचन को रोकने की मांग की। भाजपा की सरकार में आदिवासी जनप्रतिनिधि का अपमान
सहन नहीं किया जाएगा। इसके लिए जो भी जिम्मेदार है उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाना चाहिए।
– उत्तम ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता अमरवाड़ा
इस संबंध में सीईओ जयदेव शर्मा से उनका पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर संपर्क किया गया लेकिन उन्होने फोन रिसीव नहीं किया।
Read More…Objectionable : 4-5 बॉयफ्रेंड बनाओ, डेट पर जाओ !
Read More…Kanafoosee : ठगों के सहारे शहर वापसी की तैयारी में ‘झिंपू’
