प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने गंभीर आरोपों के चलते दो पदाधिकारी हटाए
Kanafoosee : भोपाल/छिंदवाड़ा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पद संभालते ही स्पष्ट कर दिया था कि
संगठन की साख को अधिक मजबूत करना है। उन्होने अपनी बातों में यह भी संदेश दिया था कि संगठन की साख में
सेंधमारी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसका उदाहरण उन्होने दो पदाधिकारियों को हटाकर दे भी दिया।
हाल ही में गंभीर आरोपों के चलते उन्होने भिंड के जिला भाजयुमो अध्यक्ष विक्रांत सिंह कुशवाह और
भिंड जिले के ही मेहगांव मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा को पद से हटा दिया। कुशवाहा पर आरोप है कि
उन्होने दिल्ली से आ रही एक बस में नशे में उत्पात मचाया और पेशाब की जिसका वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ। मंडल अध्यक्ष शर्मा पर आरोप है कि उन्होने एक कार्यक्रम में
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजवीर शर्मा को थप्पड़ जड़ दिया था। दोनों ही मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
दोनों पदाधिकारियों के इस रवैये से भाजपा की जमकर किरकिरी हुई है।
इसके चलते प्रदेश अध्यक्ष ने उन्हें पद से हटाने की कार्रवाई की।
अब इस वाकये के बाद छिंदवाड़ा में भी कानाफूसी शुरू हो गई है।
कार्यकर्ता और पदाधिकारी एक दूसरे से सवाल कर रहे हैं कि छिंदवाड़ा से किसका नंबर आएगा ?
दरअसल छिंदवाड़ा में भी ऐसे नामों की लंबी फहरिस्त है जिन्होने संगठन की साख पर बट्टा लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
इनमें कुछ पदाधिकारी हैं तो कुछ नाम जनप्रतिनिधियों के भी शामिल हैं।
बहरहाल, जानकारों का कहना है कि जिले से राजधानी तक स्थानीय नेताओं की दौड़ जारी है।
इसके क्या नतीजे होंगे यह तो भविष्य के गर्भ में है।
Read More…Police Action : गबन मामले में परासिया जनपद अध्यक्ष हिरासत में
Read More…Rampage : गोलगंज में हंगामा; मलबा हटाने को लेकर भिड़े दो पक्ष