दिल्ली में 2 दिनी बैठक का आज दूसरा दिन, मप्र भाजपा के सभी दिग्गज पहुंचे
BJP News : भोपाल/छिंदवाड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा में कुछ समय लग सकता है।
पहले कहा जा रहा था कि 30 जनवरी को यह साफ कर दिया जाएगा कि जिला भाजपा की कमान कौन संभालेगा।
अब बताया जा रहा है कि जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा 10 जनवरी तक की जाएगी।
संगठन पर्व को लेकर दिल्ली में रविवार और सोमवार को दो दिवसीय भाजपा की बड़ी बैठकें होने जा रही हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर हो रही इन बैठकों में राज्यवार संगठन चुनावों की प्रगति और स्थानीय परिस्थितियों के हिसाब से नीतिगत निर्णय लिए जाने हैं।
इसी बैठक में मप्र में जिलाध्यक्षों को रिपीट करने या नहीं करने की गाइडलाइन तय हो सकती है।
सोमवार को बैठक का दूसरा दिन रहेगा।
‘जो 5 वर्ष जिलाध्यक्ष रहा उसे रिपीट न करें’
प्रदेश भाजपा सूत्रों के मुताबिक संगठन में बड़े तबके की मांग है कि जो भाजपा नेता 5 साल तक जिलाध्यक्ष रह चुके हैं उन्हें रिपीट नहीं किया जाए।
वहीं कुछ जिलाध्यक्षों का तर्क है कि उनके नेतृत्व में पार्टी को विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बड़ी सफलता मिली है, इसके चलते उन्हें रिपीट किया जाना चाहिए।
बहरहाल बताया जा रहा है कि इस मसले पर फिलहाल कोई स्पष्ट नीति नहीं हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर की बैठक में चर्चा के बाद स्पष्टता आ जाएगी।
दिल्ली बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद, प्रदेश चुनाव प्रभारी समेत प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल हैं।
1 से 3 जनवरी तक बनेगा पैनल
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 से 3 जनवरी के बीच जिलाध्यक्ष के लिए 3 नामों का अंतिम पैनल तैयार किया जाएगा।
इसके बाद इन नामों की सूची फाइनल कर केंद्रीय संगठन को भेज दी जाएगी।
केंद्रीय संगठन 5 जनवरी के बाद इसे कभी भी जारी कर सकता है।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में जिलाध्यक्ष के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
जिन जिलों में बची हुई है, वह अगले दो दिन में पूरी हो जाएगी।
महिला का नाम जरूरी
जिन जिला प्रभारियों ने रायशुमारी करवाई है उनसे कहा गया है कि तीन नामों के पैनल में जहां संभव हो वहां एक सक्षम महिला कार्यकर्ता का नाम जरूर शामिल करना है।
प्रदेश स्तर से इन नामों की स्क्रूटनी करने के बाद फाइनल नाम दिल्ली भेजे जाएंगे।
लगभग 25 फीसदी जिलाध्यक्ष के पद महिलाओं को दिए जा सकते हैं।
यानी कुल 60 जिलाध्यक्षों में से 15 जिलाध्यक्ष महिलाएं हो सकती हैं।
बताया जा रहा है कि इस बार जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा विधायक और सांसदों की टिकट की तरह राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली से की जानी है।
Read More…BJP News : ‘शुभंकर’ होंगे रिपीट या आएगा नया चेहरा!