बढऩे लगा राजधानी से केंद्र तक बड़े नेताओं का मेलजोल
BJP News : भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव के लिए सरगर्मी बढऩे लगी है।
भाजपा जिलाध्यक्षों की सूची जैसे-जैसे जारी हो रही है वैसे-वैसे राजधानी से केंद्र तक बड़े नेताओं का मेलजोल बढऩे लगा है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी पर किसी महिला नेत्री को पार्टी बैठा सकती है।
इसके चलते महिला दावेदारों के नामों को लेकर भी चर्चाएं चल रहीं हैं।
जिन महिला दावेदारों के नाम लिए जा रहे हैं उनमें सागर की सांसद लता वानखेड़े,
पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार,
रीति पाठक और शहडोल की सांसद हिमाद्री सिंह के नाम प्रमुख है।
लता वानखेड़े को संगठन का अनुभव
महिला दावेदारों में लता वानखेडे का नाम सबसे ऊपर है।
वे संगठन से लंबे समय तक जुड़ी है।
सागर की ग्राम पंचायत मकरोनिया के सरपंच पद से अपना सियासी सफर शुरू करने वालीं
लता वानखेड़े महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी है
और वे इस समय प्रदेश मंत्री भी है।
कविता पाटीदार भी सक्रिय
कविता पाटीदार जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकीं हैं।
वे इस समय पार्टी की प्रदेश महामंत्री हैं और संगठन के कामों में लगातार सक्रिय रहतीं है।
अर्चना चिटनिस मंत्री रह चुकीं
अर्चना चिटनिस का नाम प्रदेश की वरिष्ठ नेत्रियों में शुमार होता है।
वे प्रदेश सरकार में मंत्री रहने के साथ संगठन में भी कई पदों पर रह चुकी हैं।
संगठन में उनकी खासी पैठ है।
अगर जातीय गणित तो इनका नाम
भाजपा अगर जातीय गणित के आधार पर प्रदेशाध्यक्ष बनाने की सोचती है तो संभवत: स्ट्रेटजी कुछ ऐसी हो सकती है।
वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ब्राम्हण वर्ग से आते हैं।
अगर पार्टी फिर से ब्राम्हण चेहरे पर दांव खेलती है तो पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम पर विचार कर सकती है।
नरोत्तम को अपने दिल्ली में बैठे सम्पर्कोंं का फायदा मिल सकता है।
इसके अलावा आलाकमान अगर अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के किसी नेता को
प्रदेश अध्यक्ष का पद देने का फैसला करता है तो सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते,
सुमेर सिंह सोलंकी, लाल सिंह आर्य और गजेन्द्र पटेल जैसे नेताओं के नामों पर भी विचार हो सकता है।
फग्गन सिंह पूर्व में भी प्रदेश अध्यक्ष के लिए ताल ठोक चुके हैं।
सुमेर सिंह का नाम भी पिछली बार खासी चर्चा में था।
वे संघ के बेहद नजदीकी माने जाते हैं।
Read More…BJP News : आज छठवीं सूची में घोषित हो सकते हैं भाजपा जिलाध्यक्ष
Read More…Pandhurna News : संदीप मोहोड़ बने पांढुर्णा भाजपा जिलाध्यक्ष