सीएमओ ने जारी किया नोटिस, ढूंढने में लगे कर्मचारी
Chhindwara News : छिंदवाड़ा। जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके के परासिया स्थित जिस मॉल पर नगर पालिका ने स्वीकृति से अधिक निर्माण किए जाने का नोटिस जारी किया था उसकी फाइल परासिया नगर पालिका से गायब हो गई है।
अब उसे ढूंढा जा रहा है। इस संबंध में परासिया नगर पालिका सीएमओ साक्षी वाजपेयी ने संबंधित विभाग के प्रभारी को नोटिस भी जारी किया है।

मामले में परासिया नगर पालिका के कर्मचारी नोटिस मिलने के बाद फाइल ढूंढने में जुटे हुए हैं।
कांग्रेस से जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके पिता समर सिंह उईके एवं श्रीमति भारती उईके पति अनिल उईके वार्ड क्रमांक 07 के नाम से नोटिस 16 अप्रैल 2024 को जारी किया गया था जिसमें कहा गया था कि ‘आपके द्वारा वार्ड क्रमांक 07 में निर्मित व्यावसायिक मॉल का निर्माण स्वीकृति के अतिरिक्त किया गया है।
Read More… Loksabha Election 2024 : कांग्रेस विधायक के मॉल पर नगर पालिका ने चस्पा किया नोटिस
अत: स्वीकृति से संबंधित समस्त दस्तावेज शीघ्र प्रस्तुत करें। अन्यथा की स्थिति में निर्माण स्वीकृति के विपरीत पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही प्रस्तावित की जावेगी जिसके लिए आप स्वयं जवाबदार होंगे।’
बहरहाल नगर पालिका में इस हाई प्रोफाइल मामले से संबंधित फाइल न मिलना या फाइल का गायब हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
विधायक ने मांगा समय
मॉल का स्वीकृति से अधिक निर्माण किए जाने का नोटिस चस्पा किए जाने के बाद कांग्रेस विधायक सुनील उईके ने नगर पालिका परासिया से समय मांगा है।

उन्होने दिए जवाब में कहा है कि ‘वे विधायक हैं और फिलहाल चुनावों में व्यस्त हैं इसलिए आचार संहिता हटने के बाद वे स्वीकृत निर्माण से संबंधित समस्त दस्तावेज नगर पालिका में प्रस्तुत कर देंगे।’
Read More… Junnardev News : जुन्नारदेव में दलित युवक की घेराबंदी कर पिटाई!
इनका कहना है
विधायक सुनील उईके ने नोटिस का जवाब दिया है। उन्होने विधायक होने के नाते चुनावों में व्यस्तता का हवाला देते हुए आचार संहिता हटने तक समय मांगा है।
जिस संबंध में उन्हें नोटिस दिया गया था उस निर्माण से संबंधित फाइल नगर पालिका कार्यालय में मिल नहीं रही है।
उसे ढूंढा जा रहा है। संबंधित शाखा के प्रभारी को नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
सुश्री साक्षी वाजपेयी, सीएमओ नगर पालिका, परासिया
One thought on “Chhindwara News : कांग्रेस विधायक के जिस मॉल पर नोटिस किया था चस्पा उसकी फाइल नपा से गायब!”