Chhindwara News : थोक सब्जी मंडी में एएसआई की अवैध वसूली जोरों पर!

बिना रसीद काटे लोडिंग वाहनों से खुलेआम ली जा रही राशि

Chhindwara News : छिंदवाड़ा। गुरैया रोड स्थित थोक सब्जी मंडी में पदस्थ एक एएसआई (सहायक उप निरीक्षक) की कार्यप्रणाली को लेकर बवाल मचा हुआ है।

हालात ये हैं कि थोक सब्जी मंडी में पदस्थ प्रभारी सहित अन्य कर्मचारियों ने शनिवार की दोपहर अपना मोबाइल सिर्फ इसलिए बंद कर लिया क्योंकि एएसआई खासा परेशान कर रहा था।

इस एएसआई का नाम है अशोक शर्मा। अशोक शर्मा की कार्यप्रणाली की जानकारी मंडी सचिव को होने के बावजूद सचिव का वरदहस्त उस पर बना हुआ है।

यह भी पढ़ें…

Loksabha Election 2024 : नकुलनाथ की चुनाव आयोग से शिकायत

प्रहलाद पटेल से फोन करवाया!

सूत्र बताते हैं कि एएसआई अशोक शर्मा ने मंडी कर्मचारियों और कुछ व्यापरियों को यह बता रखा है कि उसने प्रदेश के कृषि मंत्री प्रहलाद पटेल से मंडी अधिकारियों को फोन करवाया तब कहीं जाकर उसकी पोस्टिंग थोक सब्जी मंडी में की गई है।

यह सब बताकर वह कर्मचारियों पर रौब झाड़ रहा है, यहां तक कि प्रभारी को भी वह निर्देश देने लगा है।

यह भी पढ़ें…

चैत्र नवरात्र पर रखें इन बातों का ध्यान, मिलेगा व्रत का पूरा फल

हम्माल से करवा रहा वसूली!

थोक सब्जी मंडी में प्रभारी महिला निरीक्षक हैं। उनके अलावा गार्ड सहित तीन अन्य कर्मचारी भी पदस्थ हैं।

सूत्र बताते हैं कि अशोक शर्मा मंडी कर्मियों से काम न करवाकर एक हम्माल से अवैध वसूली करवा रहा है। उक्त हम्माल थोक सब्जी मंडी में अवैध रूप से सड़क पर लगने वाली दुकानों से रोज की राशि वसूलता है और अशोक शर्मा को लाकर देता है।

कुल मिलाकर वह मंडी में अतिक्रमणकारियों से मंडी की जमीन पर व्यापार करने के एवज में दैनिक ‘किराया’ वसूल रहा है जो मंडी के खाते में न जाकर उसकी जेब में जा रहा है।

टैक्स की जगह थमा रहे पार्किंग की रसीद

अशोक शर्मा मंडी गेट पर स्थित काउंटर पर बैठकर भी अवैध वसूली कर रहा है। इस संबंध में कुछ लोडिंग ऑटो वालों ने बताया कि वे कभी 20 तो कभी 30 रुपए देते हैं लेकिन उन्हें रसीद नहीं दी जाती।

अक्षर भास्कर की टीम जब पूछ परख कर रही थी तभी एएसआई अशोक शर्मा को मामले की भनक लग गई और ऑटो चालकों को बुलाकर रसीद देने लगा।

यहां गौर करने वाली बात ये है कि तब भी टैक्स की जगह पार्किंग की 10 रुपए की रसीद ऑटो चालकों और सब्जी विक्रेताओं को थमाई जा रही थी।

हर सवाल पर बोला-मैडम से बात करो

इस पूरे मामले को लेकर जब अशोक शर्मा से उसका पक्ष पूछा गया तो वह हर सवाल के जवाब में एक ही बात कहता रहा। उसका कहना था कि मैडम से बात करो।

Spread The News

One thought on “Chhindwara News : थोक सब्जी मंडी में एएसआई की अवैध वसूली जोरों पर!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *