कांग्रेस विधायक बोले- भाजपा के सांसद ने चूड़ी खोलकर झूठी वाहवाही लूटने का जरिया बना लिया
Congress News : छिंदवाड़ा। राजीव कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सिवनी जल संसाधन विभाग की लापरवाही का खामियाजा जनता को भुगतना न पड़े।
संजय सरोवर (भीमगढ़ जलाशय) में पानी की कमी बताकर चौरई के माचागोरा जलाशय से 35 एमसीएम
पानी सिवनी जिले के भीमगढ़ जलाशय के लिए छोड़ा जा रहा है।
पेयजल हेतु सिवनी जिले को पानी दिया ठीक बात, किन्तु यह परम्परा न बने।
स्थानीय स्तर पर ही पेयजल के स्थाई स्रोत खोजे जाएं इस पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों को ध्यान देना चाहिए।
उक्त बातें चौरई विधायक चौधरी सुजीत सिंह ने कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहीं।
उन्होने कहा कि बालाघाट संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद व अन्य भाजपा जनप्रतिनिधियों के दबाव में आकर सिवनी जल संसाधन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने सिंचाई के लिए बालाघाट को अत्याधिक पानी की सप्लाई दी।
ग्रीष्मकाल में पेयजल हेतु पानी का संग्रहण नहीं रखा। परिणाम स्वरूप सिवनी की जनता को पेयजल के लिए
भटकना व परेशान होना पड़ रहा है। ठण्ड के दिनों में जब पानी छोड़ जा रहा था जब सिवनी जिले के भाजपाई
नेता सोए हुए थे, उन्होंने जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया।

जनता के लिए पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है इसका विरोध नहीं है, किन्तु यह परम्परा न बने।
क्योंकि भविष्य में माचागोरा जलाशय से छिंदवाड़ा जिले के 711 गांव में पेयजल की आपूर्ति की जानी है
साथ ही एक निश्चित मात्रा का पानी संकटकाल के लिए रखा जाता है वह भी माचागोरा जलाशय में शेष रहना चाहिए,
क्योंकि छिन्दवाड़ा नगर निगम एवं चौरई नगर में माचागोरा जलाशय से पानी दिया जाता है।
ये भी बोले विधायक…
- पूर्व सीएम कमलनाथ के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में स्वीकृति प्रदान की गई जमुनिया माइक्रो एरिगेशन से जिले के 27 गांव सिंचित होना है यह कार्य आज भी पूरा नहीं हो पाया।
- पेंच माइक्रो में एक से 30 गांव सिंचित होना है, किन्तु आज दिनांक तक यह कार्य भी पूरा नहीं हुआ जिसके चलते इन क्षेत्रों के किसानों को परियोजना का लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है।
- पेंच माइक्रो दो का कार्य कछुआ गति से चल रहा है जिसके चलते छिंदवाड़ा के अधिकांश ग्रामीण इलाके लाभांवित होने से वंचित है।
चौरई ब्लॉक कांग्रेस ने दी चेतावनी
चौरई विधानसभा प्रभारी अशोक तिवारी, विधायक सुजीत चौधरी व चौरई ब्लॉक अध्यक्ष तीरथ ठाकुर
ने चेतावनी दी है कि पेंच परियोजना की सम्पूर्ण माइक्रो एरिगेशन परियोजनाएं अविलम्ब प्रारंभ नहीं हुई तो
चौरई ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करेगी जिसकी जिम्मेदार भाजपा की सरकार व शासन प्रशासन होगा।
पत्रकार वार्ता में मनीष पाण्डेय, पप्पू यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।
मंच संचालन प्रवक्ता नितिन उपाध्याय के द्वारा किया गया।

Read More…IYC Election MP: ‘ऊपर’ से नहीं आएगा नाम, लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होंगे युकां के चुनाव