रेड के दौरान हुआ था गायब, कुएं के पास मिले थे जूते
Chhindwara News : छिंदवाड़ा। देहात थाना पुलिस जिस ‘जुआरी’ को ढूंढने के लिए रात भर कुंआ खाली कराती रही वह सुबह-सुबह अपने घर पहुंच गया।
उसकी तलाश में पुलिस लगभग 48 घंटे परेशान होती रही।
कई गोताखोर भी कुएं में उसको ढूढऩे के लिए तैरते नजर आए लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल रहा था।

मिलता भी कैसे पुलिस जिसकी ‘लाश’ ढूंढने का प्रयास कर रही थी वह तो जिंदा था।
क्षेत्रवासियों ने उसके घर पहुंचने की जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस की भी जान में जान आई।
यह था मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिल्लेवानी निवासी 37 वर्षीय नीरज साहू नामक युवक रविवार की शाम लगभग सवा सात बजे के आसपास लापता हो गया था।
साथियों के साथ वह काराबोह के पास जुआ खेल रहा था तभी किसी ने आवाज लगा दी कि पुलिस आ रही है।
इसके बाद जुआरियों में भगदड़ मच गई। सभी वहां से भागने लगे।

तकरीबन एक घंटे बाद सभी वहां वापस आए।
गिनती करने पर पता चला कि नीरज पिता नारायन साहू नामक युवक नहीं लौटा है।
इसके बाद से उसके साथी नीरज को लगातार फोन करते रहे, लेकिन नीरज की जानकारी नहीं मिली, न ही वो घर पहुंचा।
इसके बाद साथियों ने मामले की शिकायत देहात थाने में की और पुलिस के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कर दी,
लेकिन रविवार की आधी रात के बाद से और सोमवार को पूरे दिन-रात तलाश के बाद भी गायब नीरज साहू का पता नहीं चल पाया।

घटना स्थल के पास ही मौजूद एक कुएं के पास उसके जूते पुलिस को मिले।
किसी अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस कुंआ खाली करवाने में जुट गई।
रात भर पानी खाली कराया गया और गोताखोर उतारे गए लेकिन नीरज का कोई सुराग नहीं लग रहा था।
मंगलवार सुबह वह सही सलामत अपने घर पहुंच गया।
सख्त कार्रवाई की जाएगी
देहात पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया था।
अब 48 घंटे पुलिस को परेशान करने के बाद नीरज अपने घर लौट आया है।
टीआई का कहना है कि पुलिस को परेशान करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More…Chhindwara News : चांदामेटा : युवक पर जानलेवा हमले के सभी आरोपियों का सरेंडर!
Read More…Chhindwara News : अवैध कोयला कारोबार का सरताज बना कमलेश!