Chhindwara News : मंडी में गबन और 420 का आरोपी एएसआई बिगाड़ रहा मंडी की व्यवस्थाएं, कर्मचारियों का काम करना मुश्किल!

सब्जी व्यापारी को फिर लगाई 8 हजार की चपत, परासिया पदस्थापना के बावजूद कार्य से गायब रहता है अशोक शर्मा

Chhindwara News : छिंदवाड़ा। कृषि उपज मंडी में पदस्थ एएसआई अशोक शर्मा विभागीय व्यवस्थाओं को चलाने में व्यवधान उत्पन्न करने में लगा है।

इससे मंडी कर्मी खासे परेशान हो गए हैं। उसकी पदस्थापना परासिया उपमंडी में होने के बावजूद वह अपने कार्य से गायब रहता है।

हालात ये हैं कि वह अपने अधिकारियों के आदेशों को भी दरकिनार करने से बाज नहीं आता।

सूत्र बताते हैं कि उसकी विवादित कार्यप्रणाली के चलते उसे जिला मुख्यालय की मंडी से उपमंडी भेजा गया था लेकिन उसमें कोई सुधार नहीं आया।

Read More… Chhindwara News : थोक सब्जी मंडी में एएसआई की अवैध वसूली जोरों पर!

मंडी टैक्स का कर चुका है गबन

एएसआई अशोक शर्मा मंडी टैक्स में गबन भी कर चुका था।

उसने एक व्यापारी से मंडी टैक्स 50 हजार रुपए लिया था जो कि नियमानुसार मंडी में जमा किया जाना था लेकिन उसने व्यापारी से धोखा करते हुए 5 हजार रुपए की रसीद थमा दी।

मंडी में 5 हजार रुपए ही जमा किए और सरकारी टैक्स के 45 हजार रुपए हड़प कर लिए।

बाद में पकड़ाए जाने पर तत्कालीन अधिकारियों ने उससे 45 हजार रुपए मंडी में जमा करवाए।

चौरई थाने में एफआईआर, 420 का है आरोपी

मंडी एएसआई अशोक शर्मा के विरुद्ध चौरई थाने में एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है जिसमें उसके विरुद्ध 420 के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया था।

बताया जाता है कि उसने चौरई में किसी अन्य व्यक्ति का प्लॉट खुद का बताकर बेच दिया था और लाखों रुपए बयाना ले लिया था।

बाद में पकड़ाने पर प्लॉट के असली मालिक और खरीददार ने उसके विरुद्ध चौरई थाने में एफआईआर करवाई थी।

इसके बाद कुछ वर्ष पूर्व वह थोक सब्जी मंडी में ही पदस्थ था।

इस पदस्थापना के दौरान उसने एक व्यापारी से 50 हजार रुपए लिए थे और वापस नहीं लौटाए। उस व्यापारी ने अशोक शर्मा के कई चक्कर लगाए लेकिन उसे रकम वापस नहीं मिली।

थोक सब्जी मंडी से हटाया

मंडी एएसआई अशोक शर्मा गुरैया रोड स्थित थोक सब्जी मंडी में पदस्थ था। उस पर गबन और 420 जैसे गंभीर प्रकरण दर्ज होने के बाद भी उसे टैक्स की रसीद काटने का जिम्मा सौंप दिया गया।

यहां भी वह अपनी करतूतों से बाज नहीं आया।

हाल ही में उसे थोक सब्जी मंडी से हटाकर परासिया उपमंडी भेजा गया है।

Read More… Mandi News : नप गए मंडी के एएसआई…बदली ड्यूटी

टैक्स की जगह थमा रहा था पार्किंग की रसीद

अशोक शर्मा मंडी गेट पर स्थित काउंटर पर बैठकर भी अवैध वसूली कर रहा था।

इस संबंध में कुछ लोडिंग ऑटो वालों ने बताया था कि वे कभी 20 तो कभी 30 रुपए देते हैं लेकिन उन्हें रसीद नहीं दी जाती।

अक्षर भास्कर की टीम जब पूछ परख कर रही थी तभी एएसआई अशोक शर्मा को मामले की भनक लग गई और ऑटो चालकों को बुलाकर रसीद देने लगा।

यहां गौर करने वाली बात ये है कि तब भी टैक्स की जगह पार्किंग की 10 रुपए की रसीद ऑटो चालकों और सब्जी विक्रेताओं को थमाई जा रही थी।

महिला को भेजता था सब्जी

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पूर्व जब एएसआई अशोक शर्मा थोक सब्जी मंडी में पदस्थ था तब वह अमरवाड़ा में किसी महिला के लिए सब्जी भेजा करता था।

यह सब्जी वह अपने पद की धौंस दिखाकर एक व्यापारी से उधार के नाम पर लेता था।

आखिरकार अशोक शर्मा ने उक्त व्यापारी के पैसे नहीं दिए और उसे 8 हजार रुपए की चपत लगा दी।

हालांकि मंडी में यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि वह किस महिला को और क्यों रोजाना बड़ी मात्रा में सब्जी भेजता था।

Spread The News

3 thoughts on “Chhindwara News : मंडी में गबन और 420 का आरोपी एएसआई बिगाड़ रहा मंडी की व्यवस्थाएं, कर्मचारियों का काम करना मुश्किल!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *