एसपी सिवनी की अध्यक्षता में नगर में शांति समिति की बैठक आयोजित
Warning : केवलारी। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न
कराने के उद्देश्य से थाना परिसर केवलारी में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता सिवनी पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने की। नवागत एसपी के
प्रथम नगर आगमन पर थाना स्टाफ, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर
स्वागत किया गया। बैठक में नगर के हिंदू एवं मुस्लिम समुदाय के वरिष्ठजन, सामाजिक कार्यकर्ता,
व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा
आगामी ईद पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा आपसी
भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। अपने संबोधन में एसपी कृष्ण लाल चंदानी ने कहा कि
ईद का त्योहार प्रेम, त्याग और भाईचारे का प्रतीक है तथा सभी नागरिकों को इसे
शांति और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परंपरागत रूप से बकरे की ही
कुर्बानी दी जाए तथा किसी भी स्थिति में गौवंश की कुर्बानी न होने पाए।
यदि कहीं भी गौवंश की कुर्बानी या उससे संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो
तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी
जाएगी तथा उसे 5 हजार रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
अफवाह न फैलाएं
एसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने, धार्मिक भावनाएं भड़काने अथवा
सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ जिले भर में निगरानी बनाए हुए है
तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। बैठक में पिछले वर्ष ईद के दौरान सामने
आए घटनाक्रम का भी उल्लेख किया गया। एसपी कृष्ण लाल चंदानी ने कहा कि जिले के सभी
थाना क्षेत्रों में लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं ताकि आमजन से सीधा
संवाद स्थापित कर आपसी सहयोग से त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
यातायात व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस अवसर पर केवलारी के पत्रकारों ने मुख्य मार्ग में लग रहे जाम और यातायात व्यवस्था पर
सवाल किए जिस पर नवागत एसपी ने एसडीओपी और थाना प्रभारी को दिशा निर्देश देते हुए
यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
ये भी रहे मौजूद
बैठक में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी आशीष भराड़े, थाना प्रभारी सहित जनप्रतिनिधि,
समाजसेवी, व्यापारी संघ के सदस्य, विभिन्न समुदायों के वरिष्ठजन एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने नगर में शांति, सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
Read More…Meeting : 15 पत्रकारों ने त्यागी अन्य संगठनों की सदस्यता
Read More…Public Problem : रेलवे अंडर ब्रिज का घटिया निर्माण कार्य !
